रायबरेली में ट्रैक्टर से गिरकर बच्चे की मौत:बरी गांव में खेत जुताई के दौरान हादसा, रोटावेटर में फंसने से गई जान

लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बरी गांव में सोमवार शाम खेत की जुताई के दौरान एक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से गिरकर आठ वर्षीय बालक कन्हैया की मौके पर ही मौत हो गई। कन्हैया अपने चचेरे नाना धर्मेंद्र सिंह के साथ खेत पर गया था। वह ट्रैक्टर पर बैठा था, तभी जुताई के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। इससे पहले कि धर्मेंद्र सिंह ट्रैक्टर रोक पाते, बच्चा रोटावेटर में फंस गया। कन्हैया की मां साधना सिंह, जो अपने पति राहुल सिंह के साथ कन्नौज में रहती हैं, इन दिनों अपने मायके बरी गांव आई हुई थीं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है। साधना के ससुराल पक्ष के लोगों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।