रायबरेली में विवाहिता ने लगाई फांसी:खेत से घर लौटने पर पति ने पत्नी का देखा शव, जांच में जुटी पुलिस

रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सैमसी गांव में शुक्रवार देर शाम एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय रिचा शर्मा पत्नी अंकित शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रिचा ने घर के कमरे में छत के पंखे के हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगाई थी। घटना के समय उसका पति अंकित खेत में पानी लगाने गया था, जबकि ससुर अवधेश शर्मा मवेशियों की देखरेख कर रहे थे। शाम को जब अंकित खेत से घर लौटा, तो उसने रिचा को फंदे से झूलता पाया। आनन-फानन में फंदा काटकर उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रिचा का विवाह वर्ष 2020 में अंकित शर्मा के साथ हुआ था। वह अपने पीछे पांच वर्षीय बेटे शिवांश को छोड़ गई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शेष कार्रवाई पुलिस द्वारा चल रही है इस मामले में परिवारजनों से भी पूछताछ की जा रही है।