रायबरेली में श्रमिकों से भरी पिकअप पलटी, 8 घायल:6 गम्भीर को किया जिला अस्पताल रेफर, एक की हालत नाजुक

रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। भवानीगढ़-बहुदा कला संपर्क मार्ग पर स्थित बेड़ारु गांव के पास श्रमिकों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 6 को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल परिसर की तस्वीरें यह घटना तब हुई जब दो दर्जन से अधिक श्रमिक लखनऊ से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। बेड़ारु गौशाला से आगे गांव की ओर जाने वाले मोड़ पर पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों की सूचना पर शिवगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया। घायलों में बेड़ारु निवासी रामशंकर (45), राजू (48), अनिल कुमार (45), रमेश (35), अंबेडकर नगर देहली निवासी धर्मराज, देहली निवासी रामनंद, चितवनियां निवासी मंशाराम (40) और सूरज (25) शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद 5 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, बेड़ारु निवासी रामशंकर की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है। चितवनियां निवासी मंशाराम और सूरज का इलाज भवानीगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शिवगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरण ने बताया कि कुल 6 घायलों को सीएचसी शिवगढ़ से रेफर किया गया है। शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विन्ध्य विनय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।