रायबरेली में संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश:डीह रजबहा माइनर में उतराया शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

रायबरेली में डीह रजबहा माइनर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बहता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना मिल एरिया कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डीह रजबहा माइनर की है। मखदुमपुर पुलिया के पास ग्रामीणों ने पानी में बहते हुए शव को देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, शव पूरी तरह से फूल चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मिल एरिया थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया की मदद ली जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।