राया में स्कूल कर्मचारी की करंट से मौत:हाईटेंशन लाइन से सरिया टकराने पर हुआ हादसा

मथुरा के राया कस्बे में बुधवार को एक इंटर कॉलेज के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। लोहे की सरिया हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जानकारी के अनुसार, राया स्थित इएक इंटर कॉलेज में कार्यरत नरेंद्र (पुत्र लंके गिरी, निवासी गुदरिया, थाना परोस, जिला शाहजहांपुर) लंबे समय से स्कूल में कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे। बुधवार सुबह वह स्कूल परिसर में लोहे की सरिया एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। तेज करंट की चपेट में आने से नरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उनके भाई सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।