रावतपुर में युवक को पीट-पीट कर मार डाला:बहन से प्रेम संबंध को लेकर भाई ने दोस्तों संग दिया जघन्य हत्याकांड को अंजाम

कानपुर रावतपुर थाना क्षेत्र के गोपाला टावर के पास एक युवक को दबंगों ने पीट-पीट कर मार डाला। काकादेव और रावतपुर थानाक्षेत्र के सीमा विवाद के चलते पहले तो मामला घंटों अटका रहा, लेकिन बाद में रावतपुर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद हत्यारोपियों की तलाश में लिए तीन टीमों को गठन किया है। पुलिस ने देर रात एक युवक को भी अरेस्ट कर लिया, उसे मुख्य हत्यारोपी बताया जा रहा है। बहन से प्रेम संबंध की टशन में दिया हत्याकांड को अंजाम रावतपुर के गोपाल टावर के पास रहने वाले राजबहादुर का इकलौता बेटा लकी (22) दादा नगर की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। परिवार में मां लक्ष्मी और बहन पूजा है। लकी का जेपी नगर कच्ची मडै़या बस्ती की एक युवति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवती का भाई रोहित चौहान प्रेम प्रसंग का विरोध करता था। रोहित ने रविवार देर रात अपने दर्जन भर साथियों के साथ मिलकर गोपाला टावर के पास लकी को रोककर गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने लकी को लाठी डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बुरी तरह घायल लकी लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गया। परिजन लकी को कार्डियोलॉजी और फिर हैलट लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। कल्याणपुर एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित रोहित को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।