राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का बरेली में आगाज:खेल भावना और जोश के साथ शुरू हुई 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप

बरेली में मंगलवार को खेल के रंग बिखरे जब पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। उद्घाटन राज्य मंत्री गुलाब देवी ने किया। जोश, उत्साह और तिरंगे झंडों के बीच खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट करते हुए मैदान का माहौल पूरी तरह खेलमय कर दिया। मंत्री ने कहा-“जीत-हार से बड़ा है खेल भावना, और पसीने से नहाने वाले ही इतिहास बदलते हैं।” 70 टीमें, 840 खिलाड़ी मैदान में यह राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17 बालक/बालिका) 11 से 15 नवम्बर तक चलेगी। इसमें देशभर से 70 टीमों के 840 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनके साथ 146 कोच और टीम मैनेजर भी आए हैं। मैदान पर खिलाड़ियों की एनर्जी और तालमेल देखकर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। दीप प्रज्वलन से हुआ आगाज कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए- गीत, नृत्य और झांकियों से खिलाड़ियों में जोश भर दिया गया। मंच से उतरकर कई अतिथि भी बच्चों की प्रस्तुति पर तालियां बजाते नजर आए। गुलाब देवी बोलीं-मेहनत का पसीना ही बदलता है इतिहास उद्घाटन के दौरान राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ खेलें और जिस उद्देश्य से यहां आए हैं, उसे पूरा करें। उन्होंने कहा-“जब हम जल से स्नान करते हैं तो कपड़े बदलते हैं, लेकिन जब हम मेहनत के पसीने से स्नान करते हैं, तब इतिहास बदलते हैं।” उन्होंने कहा कि देश की रक्षा हमेशा संतों, सती और शूरवीरों ने की है, अब युवाओं को भी उसी जज्बे से आगे बढ़ना चाहिए। जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि आशा ही जीवन की ताकत है। उन्होंने कहा-“बच्चा जब चलना सीखता है तो गिरता भी है, उठता भी है। वही संघर्ष आगे जाकर जीत की नींव रखता है।” गिर कर उठना ही असली जीत – सांसद सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा, “गिर कर उठना और उठ कर चलना यह क्रम है संसार का, कर्मवीर पर फर्क नहीं पड़ता किसी जीत या हार का।” उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि खेल सिर्फ मेडल का नहीं, बल्कि सीख और संस्कार का भी हिस्सा है। खिलाड़ियों को मिला सम्मान मंत्री गुलाब देवी और जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और खेल किट वितरित की। खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें इस स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका पाकर गर्व महसूस हो रहा है। मैदान में गूंजा जोश, दर्शकों ने बढ़ाया हौसला शुभारंभ समारोह में स्कूली छात्रों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग हर परफॉर्मेंस पर तालियां बजाते रहे। खिलाड़ियों ने भी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरने का इशारा किया। नेताओं और अफसरों की मौजूदगी में हुआ आयोजन कार्यक्रम में भाजपा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा, विधायक नवाबगंज डॉ. एमपी आर्य, संयुक्त शिक्षा निदेशक, डीआईओएस बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर सहित कई अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे।