कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 5 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस मथुरा के प्रह्लाद की तस्वीर दिखाई थी, उनसे दैनिक भास्कर ने हकीकत समझी। सामने आया कि प्रह्लाद मौजूदा सरपंच नहीं हैं। हां, 2015 से 2020 तक उनकी पत्नी चंदा देवी सरपंच रही थीं। राहुल गांधी ने प्रजेंटेशन के दौरान प्रह्लाद की BJP कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के भतीजे के साथ तस्वीरें भी शेयर की थी। बताया कि BJP समर्थित प्रह्लाद हरियाणा के होडल विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में भी शामिल हैं। साथ ही, उन्हीं डिटेल के साथ प्रह्लाद मथुरा विधानसभा की वोटर रिकॉर्ड में भी हैं। राहुल ने ये 4 दावे भी किए राहुल के दावों के सामने आने के बाद दैनिक भास्कर टीम मथुरा से 60 km दूर कामर पहुंची। जिन प्रह्लाद को BJP समर्थित बताया गया था। उनसे डिटेल में पूरा मामला समझा। पढ़िए वो क्या कहते हैं– सवाल : क्या आप सरपंच हैं, अगर हैं, तो किस पार्टी को समर्थन देते हैं?
प्रह्लाद : जी नहीं…। मैं इस वक्त सरपंच नहीं हूं। 2015 से 2020 तक मेरी पत्नी जरूर सरपंच रही हैं। किसी पार्टी के समर्थन की बात तो ठीक नहीं हैं, क्योंकि हम इस वक्त सरपंच है ही नहीं। सवाल : राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपका नाम लिया, आपको कब पता चला?
प्रह्लाद : ये टीवी देखकर पता चला था। मैं मथुरा से अपना नाम सुनकर चौंक गया था। सवाल : क्या उन्होंने वोट चोरी के जो फैक्ट बताए, वो आपको अपने संदर्भ में सही लग रहे हैं?
प्रह्लाद : नहीं… उनके बयान तो अनर्गल लग रहे हैं। मेरा तो कामर (मथुरा) में ही वोट हैं। यही का रहने वाला हूं, यहीं मेरी जमीन जायदाद है। हरियाणा के जिस शहर का मुझे बताया जा रहा है, वहां न मेरी कोई जमीन है, न रिश्तेदार हैं, वहां से मेरा कोई नाता नहीं है। सवाल : राहुल आपकी ID यहां और हरियाणा दोनों जगह पर दिखा रहे?
प्रह्लाद : हमारे गांव के सैकड़ों लोग हरियाणा में रहते हैं, जिन्होंने पलायन किया था। उनके वहां प्लॉट और मकान हैं। हमारे पड़ोस के लोग भी रहते हैं। किसी ने अपने स्वार्थ के लिए, चुनाव लड़ने के लिए बनवा दिया होगा, मुझे पता तक नहीं है। वहां की वोटर लिस्ट में मेरा नाम कैसे पहुंचा, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। सवाल : राहुल ने यूपी कैबिनेट मंत्री और छाता से BJP विधायक के साथ आपकी तस्वीर दिखाई?
प्रह्लाद : कैबिनेट मंत्री का हरियाणा से क्या लेना-देना, उनका तो छाता (मथुरा) से लेनादेना है। उनको वहां से भला क्या ही फायदा होगा। रहा सवाल मेरी तस्वीर का, तो वो हमारे यहां के विधायक हैं, कोई परेशानी होती है, तो शिकायत लेकर जाते हैं। वो हमारे यहां के काम करवाते हैं। सवाल : राहुल जो वोटर लिस्ट को लेकर आरोप लगा रहे हैं, क्या कहेंगे?
प्रह्लाद : उनकी पार्टी लगातार हार रही है, तो वो बौखला रहे हैं। यूपी, हरियाणा के वोटर लिस्ट दिखा रहे हैं, मगर इससे कुछ नहीं होगा। राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के 3 मोमेंट्स… 1. मेरा घर छीन लिया, अब नरेंद्र का छीन रहे
राहुल ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में कई नाम ऐसे हैं जिनका हाउस नंबर 0 दिखाया गया। यानी कि वे लोग जिनका कोई घर नहीं है। इन्हीं में से एक नरेंद्र हैं जिन्होंने वोट तो किया लेकिन उनका घर नहीं है। जैसा कि इन लोगों (भाजपा) ने मेरा घर छीन लिया था, वैसा ही नरेंद्र के साथ किया। दरअसल 2023 में सांसदी जाने पर राहुल गांधी का 12 तुगलक रोड का सरकारी आवास खाली करा दिया गया था। उनका सामान मां सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास में शिफ्ट किया गया था। 2. अब सुनिए ज्ञानेश का ज्ञान
राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई। राहुल ने कहा- अब सुनते हैं ज्ञानेश का ज्ञान जो कहते हैं कि पुल के नीचे सड़क पर या लैंपपोस्ट के किनारे ऐसे लोगों का हाउस नंबर 0 होता है। 3. अब बेचारी बहुत ट्रोल होगी
ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाने के बाद राहुल ने कहा कि अब ये बेचारी बहुत ट्रोल होगी। राहुल का आरोप है कि महिला ने हरियाणा में 22 बार वोट किया। उसके कई नाम हैं जैसे सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि, विमला। इस महिला ने 10 बूथ पर 22 बार वोट किया। ……………………….. ये भी पढ़ें – राहुल ने जिसकी फोटो दिखाई वह ब्राजीलियन मॉडल सामने आई, कहा- क्या पागलपन है, मैं भारत नहीं गई; दावा- 10 बूथ पर इनके 22 वोट कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाई थी, उसका एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई अकाउंट से महिला का वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया गया कि उनका नाम लेरिसा है। पढ़िए पूरी खबर…