बिजली विभाग में भ्रष्टाचार का खुला खेल जारी है। खुद एक्सईन बिजली का सामान्य कनेक्शन मांगने गए आवेदक से रिश्वत मांग रहा है। उसने यहां तक आवेदक से बोला कि तुम कहीं भी सोर्स लगा लो बिना पैसे लिए काम नहीं करूंगा। मैंने खुद 25 लाख घूस देकर ये पद पाया है। ये शिकायत ऊर्जा मंत्री एके शर्मा तक पहुंची तो उन्होंने मौके से ही पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को फोन कर क्लास लगा दी। सख्त निर्देश दिए कि रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई कर मुझे बताओ। ऊर्जा मंत्री की जनसुनवाई में पहुंची थी रिश्वत की शिकायत यह पहली बार नहीं है, जब ऊर्जा मंत्री को अपने विभाग की कारगुजारी से शर्मिंदा होना पड़ा हो। इसके पूर्व वे डायल 1912 का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तो उनके सामने ही एक उपभोक्ता की रिश्वत मांगने की शिकायत पहुंच गई। मंत्री के निर्देश पर तब भी एक्शन लिया गया था। ताजा प्रकरण अमरोहा जिले का है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने हर गुरुवार को लखनऊ स्थित आवास पर जनसुनवाई करते हैं। उसी दौरान जिले के नौगांव सादात निवासी मोहम्मद यूसा, पुत्र कासिम पहुंचे। मंत्री को शिकायत देकर बताया कि उसने घर का सामान्य बिजली कनेक्शन का आवेदन लगाया है। पर वहां के लाइनमैन, जेई और एक्सईन पैसे मांग रहे हैं। मोहम्मद यूसा ने बताया कि पहले मैंने लाइनमैन से बात की थी। फिर जेई के पास गया। वहां से भी काम नहीं हुआ तो एक्सईन के पास गया। उन्होंने मुझे ही सुना दिया कि 25 लाख देकर मैंने पद पाया है। बिना पैसे लिए कनेक्शन नहीं दूंगा। तुम चाहे जहां शिकायत करो, बिना पैसे के काम नहीं होगा। ऊर्जा मंत्री एमडी से बोले क्या नीचे से ऊपर तक पूरा तंत्र भ्रष्टाचार में लिप्त है ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मौके से ही पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता को फोन लगाया। पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। फिर नाराजगी भरे शब्दों में कहा कि वहां तो नीचे से ऊपर तक पूरा तंत्र भ्रष्टाचार में लिप्त है। एक साधारण से कनेक्शन के लिए एक आदमी को मेरे यहां तक आना पड़ा। कोई अधिकारी किसी आवेदक से ऐसा कैसे कह सकता है कि पैसे के बिना तो तुम कुछ भी कर लो हम कनेक्शन नहीं देंगे? मंत्री ने मौके से ही तत्काल संविदा वाले लाइनमैन को बर्खास्त करने और अन्य नियमित कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। साथ में ताकीद की कि ये एक्शन आज ही हो जाना चाहिए। दो अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई ऊर्जा मंत्री के सख्ती के चलते संविदा कर्मी लाइनमैन अब्बास को तुरंत बर्खास्त कर दिया गया। वहीं जेई राजीव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मंडल कार्यालय अमरोहा से संबद्ध कर दिया गया। एसडीओ रितेश प्रसाद और अधिशासी अभियंता राहुल निगम को नियम 10 के तहत स्पष्टीकरण जारी किया गया। दोनों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।