रेलवे फाटक तोड़ने का आरोपी गिरफ्तार:4 साल से फरार था, नाम-पहचान छिपाकर घूम रहा था

कानपुर आरपीएफ पुलिस ने रविवार को एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चार साल से फरार चल रहा था। आरोपी विनय कुमार पर वर्ष 2021 में फतेहपुर में रेलवे क्रॉसिंग का फाटक तोड़ने का आरोप है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार ने बताया कि यह घटना वर्ष 2021 में फतेहपुर में हुई थी। रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद हो रहा था, तभी जल्दबाजी में आरोपी विनय कुमार ने लोडर फाटक तोड़ दिया। इस घटना से रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। फाटक मास्टर की सूचना पर चालक विनय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कार्रवाई के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। फतेहपुर जिला कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। प्रभारी पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी विनय कुमार ने खुलासा किया कि वह पिछले चार साल से न्यायालय को धोखा देते हुए कई जिलों में नाम और पहचान छिपाकर रह रहा था। वह फतेहपुर के थाना चांदपुर क्षेत्र का निवासी है। रविवार को कानपुर आरपीएफ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।