रेलवे संपत्ति चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार:आरपीएफ ने 24 घंटे में सीसीटीवी फुटेज से की पहचान

कानपुर सेंट्रल पर रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने चोरी की गई संपत्ति के साथ तीनों को रंगेहाथ पकड़ा और पूछताछ के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया। आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार के अनुसार, सोमवार रात लखनऊ लाइन स्थित आरएच-4 रिले रूम का ताला तोड़कर लगभग 30 मीटर केबल और एक टीआरयू बॉक्स चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ स्टाफ मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल की। मामला संदिग्ध लगने पर डॉग स्क्वाड को बुलाकर घटनास्थल की तलाशी ली गई। रिले रूम के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर उसमें दो अज्ञात व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिए। आरपीएफ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल पर रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 03 तथा रेलवे अधिनियम की धारा 147, 174(C) के तहत मुकदमा दर्ज किया। उप निरीक्षक हरिश्चंद ने मामले की जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए निरीक्षक एस.एन. पाटीदार की निगरानी में एक टीम का गठन किया गया। मंगलवार को लखनऊ लाइन में मुरे कंपनी पुल और जयपुरिया फाटक के बीच से सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित दोनों व्यक्तियों, नजमुल और शाह आलम को चोरी किए गए पैनल बॉक्स के साथ गिरफ्तार किया गया। तीसरे व्यक्ति सैफुल को 30 मीटर चोरी की केबल के साथ पकड़ा गया। तीनों को आरपीएफ पोस्ट लाकर पूछताछ की गई। आरपीएफ कानपुर सेंट्रल ने सोमवार को हुई लगभग 34,000 रुपये की रेल संपत्ति चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे से भी कम समय में सभी आरोपियों को पकड़ा और चुराई गई पूरी संपत्ति बरामद कर कानूनी कार्रवाई की।