ललितपुर में सोमवार शाम ललितपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने करीब 40 फीट ऊंचे फुटओवर ब्रिज से रेल पटरियों पर छलांग लगा दी। इस दौरान वह ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन से टकराते हुए नीचे गिरा और घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 10 मिनट तक करता रहा हंगामा घटना शाम करीब 7 बजकर 10 मिनट की है। युवक प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो पर जाने वाले फुटओवर ब्रिज पर चढ़ गया और करीब दस मिनट तक चिल्लाता रहा। आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अचानक नीचे कूद गया। कूदते समय युवक ओएचई लाइन से टकराया और रेल पटरी पर गिर पड़ा। देखिए 2 तस्वीरें… सात मिनट रुकी महामाना एक्सप्रेस संभावित हादसे को देखते हुए तत्काल ओएचई लाइन बंद कर दी गई। इसके कारण प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आ रही महामाना एक्सप्रेस को करीब सात मिनट तक स्टेशन पर रोकना पड़ा। घायल की पहचान अमित रजक (27) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के बनखेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चांदौन का निवासी है। उसके पिता का नाम भाव सिंह बताया गया है। मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. एस.के. तिवारी के अनुसार युवक के हाथ में चोट आई है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
आरपीएफ ने किया बचाव आरपीएफ उप निरीक्षक घनेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने की कोशिश की। जब वह नहीं माना तो एहतियातन ओएचई लाइन बंद कराई गई। उनके अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था।