रैपर त्यागी का ‘यूपी 12’ गाना सोशल मीडिया पर ट्रेंड:मुजफ्फरनगर की पहचान, कॉलेज और 36 बिरादरी की एकता का रैप

मुजफ्फरनगर से जुड़े प्रसिद्ध रैपर त्यागी का गाना ‘यूपी 12’ इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है। यह गाना पूरी तरह मुजफ्फरनगर शहर पर आधारित है, जिसमें शहर की पहचान और संस्कृति को दर्शाया गया है। रैपर त्यागी के अनुसार, लाखों लोगों ने इस गाने को पसंद किया है और हजारों की संख्या में इसे साझा किया है। रैपर त्यागी ने मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गाने में मुजफ्फरनगर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों जैसे श्रीराम कॉलेज और डीएवी कॉलेज का उल्लेख है। इसके अलावा, शहर की मशहूर जगहों, युवाओं के घूमने-फिरने के अड्डों, लोकप्रिय खाने-पीने की लोकेशन्स और कपड़ों की खरीदारी के लिए प्रसिद्ध बाजारों को भी गाने में शामिल किया गया है। यह गाना 8 जनवरी को रिलीज किया गया था। रिलीज के एक दिन के भीतर ही इसे एक लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और नौ हजार से अधिक लोगों ने साझा किया। त्यागी ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि गाने का ट्रेंड जारी है। वर्तमान में इस गाने पर लगभग चार लाख व्यूज हो चुके हैं। रैपर त्यागी ने उम्मीद जताई है कि दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ यह गाना जल्द ही लाखों व्यूज हासिल करेगा और उनका लक्ष्य इसे 10 लाख से ज्यादा बार देखे जाने का है। त्यागी ने बताया कि उन्होंने गाने में शहर की वास्तविक पहचान और स्थानीय संस्कृति को प्रमुखता दी है, ताकि मुजफ्फरनगर के लोग इसे देखकर अपने शहर पर गर्व महसूस करें। सोशल मीडिया पर गाने की लोकप्रियता और तेजी से बढ़ते व्यूज इस बात का संकेत हैं कि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा अब बड़े मंच पर भी अपनी जगह बना रही है। उन्होंने बताया कि गाने में मुजफ्फरनगर के कई कालेजों को दर्शाते हुए 36 बिरादरी की यूनिटी को दर्शाया गया है। उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि वो नशे से दूर होकर अपने पंसदीदा क्षेत्र में परिवार और जिले का नाम रोशन करें। मीडिया से बातचीत में रैपर त्यागी ने युवाओं से अपील की कि वे नशा, हिंसा और नकारात्मकता से दूर रहकर अपनी प्रतिभा को सही दिशा दें और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें। प्रेस वार्ता में मौजूद लोगों ने रैपर त्यागी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे यूपी-12 की नई पहचान गढ़ने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। सोशल मीडिया पर स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही है।