रोडवेज बस में महिला कंडक्टर को थप्पड़ मारा:शराब पीने से रोकने पर मारपीट, यात्रियों ने एक आरोपी को पकड़ा

सीतापुर के सिधौली कस्बे में चलती रोडवेज बस के अंदर महिला कंडक्टर के साथ मारपीट की गई। लखनऊ से सीतापुर आ रही रोडवेज बस में शराब पीने का विरोध करना महिला कंडक्टर को भारी पड़ गया। शराब के नशे में धुत युवक ने महिला कंडक्टर को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सतर्क सवारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अवध डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस (UP 34 T 9464) लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रही थी। बस में सुष्मिता नाम की महिला कंडक्टर ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान अखंड राज निवासी मझगवां थाना रामपुर कलां, लखनऊ डिपो से अपने एक साथी के साथ बस में सवार था। आरोप है कि युवक बस के अंदर शराब पीने लगा। जब महिला कंडक्टर ने नियमों का हवाला देते हुए उसे शराब पीने से मना किया तो वह भड़क गया। युवक ने पहले महिला कंडक्टर के साथ अभद्रता की और फिर गुस्से में बस से उतरते समय उसे थप्पड़ मार दिया। मारपीट के बाद आरोपी सिधौली कस्बे में बस से उतरकर भागने लगा। इस दौरान बस में मौजूद यात्रियों ने एकजुट होकर उसे दौड़ा लिया और पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं आरोपी का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला कंडक्टर सुष्मिता ने कोतवाली सिधौली में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला कंडक्टर की शिकायत के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने सार्वजनिक परिवहन में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि बसों में शराब पीने और बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।