जिले में चल रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच लंबे अवकाश के बाद माध्यमिक विद्यालय सोमवार से फिर से खुल गए। हालांकि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब सभी बोर्डों से सम्बद्ध राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही संचालित होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार बदले गए समय का कड़ाई से पालन कराया जाए। शासन ने यह कदम ठंड के बढ़ते प्रभाव और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को देखते हुए उठाया है, ताकि विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के विद्यालय पहुँच सकें।अधिकारी भी मानते हैं कि अभी कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट बनी रहने की संभावना है, ऐसे में समय परिवर्तन से बच्चों को राहत मिलेगी।