लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार रात दिल्ली जा रहे एक यात्री के हैंडबैग से 0.32 बोर के चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने कारतूस मिलने पर यात्री को हिरासत में लिया था। यह घटना बीती रात हुई जब प्रयागराज निवासी वीर सिंह यादव एयर इंडिया की उड़ान एआई-1877 से रात 8:50 बजे दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे बोर्डिंग के लिए टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश करते समय एसएचए एरिया में सुरक्षा जांच के दौरान उनके हैंडबैग की स्क्रीनिंग में ये कारतूस दिखाई दिए। सीआईएसएफ ने तुरंत यात्री को हिरासत में ले लिया और उनके बैग की भौतिक जांच की। जांच में .32 बोर पिस्टल के चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वीर सिंह यादव ने अपने शस्त्र का वैध लाइसेंस प्रस्तुत किया। लाइसेंस की वैधता की पुष्टि होने के बाद उन्हें यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गई। हालांकि, बरामद किए गए चारों कारतूस सीआईएसएफ ने जब्त कर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।