लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में एलडीए ने अभियान चला कर ग्वारी फ्लाईओवर के पास सेक्टर-1 में सड़क किनारे खाली जमीन पर बनी एक दर्जन से ज्यादा अवैध डेयरियां, झुग्गी-झोपड़ियां, कबाड़ की दुकानें और अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव के मुताबिक, लंबे समय से कुछ लोगों ने यहां कब्जा करके डेयरी, कार वर्कशॉप और झुग्गियां खड़ी कर रखी थीं। इससे न सिर्फ इलाके में गंदगी और जलभराव की समस्या बढ़ रही थी, बल्कि डेयरी संचालकों द्वारा बिजली के खंभों से पशु बांध देने से सर्विस रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए उपाध्यक्ष ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। फिर सोमवार सुबह जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव और अर्जन प्रभारी विपिन कुमार शिवहरे की अगुवाई में प्रवर्तन व अर्जन टीम मौके पर पहुंची। प्राधिकरण पुलिस बल के साथ चलाए गए अभियान में सभी अवैध अस्थाई निर्माण ढहा दिए गए। जोनल अधिकारी ने बताया कि यहां झुग्गियों में रह रहे कुछ परिवारों ने खुद से जगह खाली करने के लिए समय मांगा है। उन्हें एक सप्ताह की मोहलत दी गई है। इसके बाद भी कब्जा खाली न होने पर एलडीए दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएगा।