लखनऊ शहर के जनेश्वर मिश्र पार्क में 21st सेंचुरी प्रोडक्शन हाउस की ओर से चल रहे दो दिवसीय होली उत्सव का रंगारंग समापन हो गया। गेट नंबर-5 के सामने हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ी और डीजे की धुन पर पूरा माहौल झूम उठा। पार्क का हर कोना रंगों से सराबोर नजर आया। सुपरहिट बॉलीवुड और भोजपुरी गानों की धुन पर युवाओं ने जमकर डांस किया। कोई दोस्तों संग रंग खेलता दिखा तो कोई सेल्फी लेकर इन पलों को यादगार बनाता नजर आया। म्यूजिक, मस्ती और रंगों का ऐसा संगम दिखा कि दोपहर से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। 2 बजे से रात 10 बजे तक चला आयोजक आलोक ने बताया कि उत्सव में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चला। प्रवेश के लिए 200 रुपये का टिकट रखा गया था। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल में त्योहार मनाने का अवसर देना था। होली ऑर्गेनिक रंगों से खेली गई आयुष प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि होली केवल ऑर्गेनिक रंगों से खेली गई। कार्यक्रम में किसी भी तरह के नशे या हुड़दंग की अनुमति नहीं थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन की व्यवस्था सराहनीय रही। उन्होंने युवाओं से अपील की कि त्योहार को प्यार, शांति और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा नशे से दूर रहें। उत्सव में पहुंची सुधा ने कहा कि यहां का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और सुरक्षित लगा। परिवार और दोस्तों के साथ रंगों के बीच होली मनाने का अनुभव यादगार रहा।रंग, म्यूजिक और अनुशासन के संग यह होली उत्सव युवाओं के लिए खास बन गया।