लखनऊ के दयालबाग में राधा-माधव रसामृत कथा शुरू:दिव्य प्रेम सेवा मिशन का तीन दिवसीय आयोजन

लखनऊ के दयालबाग क्षेत्र में गुरुवार से तीन दिवसीय श्री राधा-माधव रसामृत कथा का शुभारंभ हो गया। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सहयोग में आयोजित इस कथा का वाचन कथा-व्यास साधना श्रीजी कर रही हैं। पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा परिसर राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दिव्य प्रेम सेवा मिशन के 30 वर्षों से चल रहे सेवा-कार्यों की सराहना की। उप-मुख्यमंत्री ने कुष्ठ रोगियों के निःशुल्क इलाज, उनके बच्चों की शिक्षा और परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की मिशन की पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि धर्म-संस्कृति के साथ-साथ वंचित वर्ग की सेवा ही सच्चा सनातन मार्ग है, और मिशन इस दायित्व को निष्ठा से निभा रहा है। नीतीश भारद्वाज ‘चक्रव्यूह’ नाटक का मंचन करेंगे आगामी 8 मार्च को भक्ति-संध्या में एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। महाभारत में भगवान कृष्ण की भूमिका से लोकप्रिय हुए अभिनेता नीतीश भारद्वाज ‘चक्रव्यूह’ नाटक का मंचन करेंगे। यह प्रस्तुति कथा-स्थल पर भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी। दिव्य प्रेम सेवा मिशन पिछले तीन दशकों से कुष्ठ रोगियों के पुनर्वास, निःशुल्क इलाज, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अभियान में सक्रिय है। आयोजकों के अनुसार, यह कथा-आयोजन उसी सेवा-भाव का विस्तार है, जहाँ आध्यात्म और सामाजिक जिम्मेदारी साथ-साथ चलती हैं। ये लोग शामिल हुए इस अवसर पर मिशन के अध्यक्ष आशीष गौतम, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी उमकान्तानन्द जी महाराज, संयोजक अमरजीत मिश्रा, कथा संयोजक मानवेन्द्र सिंह पटेल, डॉ. संजय चतुर्वेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।दयालबाग परिसर में भक्तिमय प्रवचनों, मधुर भजनों और आगामी नाट्य प्रस्तुति के साथ श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने नगरवासियों से कथा और ‘चक्रव्यूह’ नाटक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।