लखनऊ के प्रेरणा स्थल में 3 दिन फ्री एंट्री:कल से नहीं लगेगा टिकट, यूपी दिवस कार्यक्रम का होगा आयोजन

यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ के वसंत कुंज स्थित प्रेरणा स्थल में आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। 24 जनवरी से प्रेरणा स्थल में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। यूपी दिवस को लेकर तीन दिनों तक आम लोगों को सुविधा दी गई है। हालांकि, प्रेरणा स्थल परिसर में बने म्यूजियम ब्लॉक के लिए टिकट लेना अनिवार्य रहेगा। म्यूजियम को छोड़कर पूरे परिसर में पर्यटक बिना किसी शुल्क के भ्रमण कर सकेंगे। प्रेरणा स्थल देखने का मौका मिलेगा जानकारी के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के समापन और उनके रवाना होने के बाद आम लोगों के लिए फ्री एंट्री शुरू की जाएगी। यूपी दिवस को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। यूपी दिवस के अवसर पर प्रेरणा स्थल देखने का यह पर्यटकों के लिए खास मौका होगा। 25 दिसंबर को हुआ था उद्घाटन प्रेरणा स्थल का उद्घाटन 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे थे। लगभग 65 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस प्रेरणा स्थल के निर्माण पर करीब 230 करोड़ रुपए की लागत आई है। 1 जनवरी से लागू था प्रवेश शुल्क 1 जनवरी से प्रेरणा स्थल में प्रवेश के लिए ₹15 प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जा रहा था। यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने पर्यटकों को राहत देते हुए तीन दिनों के लिए प्रवेश शुल्क पूरी तरह निःशुल्क कर दिया है।