लखनऊ दर्शन बस से पहले दिन 24 लोगों ने पर्यटन स्थलों की सैर की। बस ने दो चक्कर लगाए। इसमें सुबह 10 और शाम को 14 यात्री थे। यात्रा में पर्यटक काफी खुश नजर आए। उन्हें एक ही पैकेज में 3 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों की सैर का मौका मिला। इसमें विधानसभा और रेजिडेंसी भी शामिल हैं। पर्यटकों को पहली बार विधानसभा के अंदर भी जाने का मौका मिला। पर्यटकों ने बताया कि- बस से यात्रा करके लगा कि टिकट का फुल पैसा वसूल हो गया। शाम को घूमने वालों को रेजिडेंसी में लेजर शो भी देखने को मिल रहा है। वहीं, 63 सीटर डबल डेकर बस में एक व्यक्ति का किराया 500 रुपए है। बच्चों का किराया 400 रुपए है। अभी 31 जनवरी तक टिकट पर 10% डिस्काउंट भी चल रहा है। बस दो शिफ्ट में करीब 3-3 घंटे चलेगी। सुबह 8:50 बजे तो शाम को 4:10 बजे दर्शन शुरू होंगे। बस इलेक्ट्रिक है। पहले जानिए कहां-कहां घूमेंगे सुबह 10 लोग, शाम को 14 ने की सैर लखनऊ दर्शन बस सेवा का उद्घाटन 6 दिसंबर को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर ने किया। उसके बाद 7 दिसंबर को लोगों को घुमाने के लिए बस पहली बार निकल पड़ी। हालांकि, पहले दिन की पहली शिफ्ट में केवल 10 लोगों ने ही यात्रा की। उसके बाद शाम वाली शिफ्ट में 14 लोग लखनऊ घूमे। पहले दिन यात्रा करने वालों में लखनऊ के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रयागराज जैसे अन्य शहरों से आए पर्यटक भी शामिल रहे। यात्रियों में महिला, पुरुष, स्कूली बच्चों के साथ ही बुजुर्ग भी इस सफर में शामिल हुए, वहीं परिवार के साथ आए लोगों और बच्चों में विधानसभा देखने को लेकर खास उत्सुकता दिखी। लखनऊ दर्शन बस की 2 तस्वीरें देखिए… बस का पहला पड़ाव यूपी दर्शन पार्क लखनऊ दर्शन बस की शुरुआत 1090 चौराहा से हुई। यहां से बस सीधे गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क पहुंची। पार्क में वेस्ट मटेरियल से बनी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक झलकियां दिखाई गईं। आमतौर पर इस पार्क का प्रवेश शुल्क 100 रुपए है, लेकिन लखनऊ दर्शन बस सेवा से जाने वालों को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। करीब 30 मिनट तक पर्यटकों को पार्क के हर महत्वपूर्ण हिस्से की जानकारी टूरिस्ट गाइड ने दी। विधानसभा में भी घूमे, एक फॉर्म भरना पड़ा यूपी दर्शन पार्क के बाद बस सीधे उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंची। पर्यटन विभाग की ओर से पहले से यात्रियों के नामों की सूची विधानसभा सुरक्षा विभाग को दी गई थी, जिससे सभी पर्यटकों को प्रवेश मिल सका। यहां लगभग 40 मिनट तक बस रुकी रही और लोगों ने अंदर घूमा। विधानसभा के इतिहास, सदन की कार्यवाही, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के बैठने की व्यवस्था, कैफेटेरिया और प्रशासनिक ढांचे के बारे में विस्तार से बताया गया। एंट्री से पहले पास की जगह फॉर्म भरना पड़ा। बता दें कि आम नागरिकों के लिए विधानसभा में प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। रेजीडेंसी में साउंड एंड लाइट शो विधानसभा के बाद यात्रियों को रेजीडेंसी ले जाया गया। शाम के समय यहां साउंड एंड लाइट शो दिखाया गया, जिसका आम टिकट ₹100 होता है। शो के माध्यम से 1857 की क्रांति और ब्रिटिश काल के दौरान लखनऊ के इतिहास को जीवंत तरीके से प्रस्तुत किया गया। गाइड ने रेजीडेंसी से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों और घटनाओं की भी जानकारी दी। अब पढ़िए लोगों ने जो कहा… श्रद्धा त्रिवेदी बोलीं – पहली बार विधानसभा के अंदर जाने का मौका मिला प्रयागराज से आईं श्रद्धा त्रिवेदी ने बताया कि लखनऊ दर्शन बस का अनुभव उनके लिए पूरी तरह नया और यादगार रहा। उन्होंने कहा कि यूपी दर्शन पार्क और विधानसभा के अंदर जाना उनके लिए पहली बार था। “पढ़ाई में विधानसभा के बारे में पढ़ा था, लेकिन अंदर जाकर उसे देखना और समझना बिल्कुल अलग अनुभव है। गाइड ने हर जगह बहुत विस्तार से जानकारी दी, जिससे इतिहास और व्यवस्था दोनों साफ समझ में आई।” रतन बोले- 500 रुपए में इतना कुछ देखना, बहुत यूनीक अनुभव लखनऊ निवासी रतन ने लखनऊ दर्शन टूर को पूरी तरह ‘वर्द’ बताया। उन्होंने कहा कि, “500 रुपए में विधानसभा के अंदर जाना, पार्क देखना और हर जगह गाइड से जानकारी मिलना अपने आप में बहुत यूनीक अनुभव है। हम लोग अब तक विधानसभा को सिर्फ बाहर से देखते थे, अंदर आने का मौका नहीं मिलता था।” पूनम शुक्ला बोलीं – हर जगह डिटेल में बताया गया लखनऊ की रहने वाली पूनम शुक्ला ने कहा कि इस बस सेवा ने शहर को देखने का नजरिया बदल दिया। “हमें यूपी दर्शन पार्क, जीपीओ पार्क और विधानसभा घुमाई गई। विधानसभा के अंदर पहली बार जाना मेरे लिए बेहद खास रहा। कहां मुख्यमंत्री बैठते हैं, कैसे कार्यवाही होती है, सब कुछ बहुत अच्छे से समझाया गया।” कुल 23 किलोमीटर, ओला-ऊबर-रैपिडो से भी कम खर्च लखनऊ दर्शन बस सेवा 1090 चौराहे से शुरू होकर शहर की 12 जगहों को घूमते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचेगी। इस दौरान बस कुल 23 किमी दूरी तय करेगी। तीन से साढ़े तीन घंटे में सभी स्थानों पर घूमने को मिल रहा है। साथ ही रेजिडेंसी और यूपी दर्शन पार्क का टिकट भी लेने झंझट नहीं है। इसके अलावा सबसे बड़ा बोनस विधानसभा की सैर है। लखनऊ दर्शन बस में वयस्कों का टिकट 500 रुपए और 5 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 400 रुपए में है। अगर कोई लखनऊ ओला, ऊबर या रैपिडो बाइक से घूमना चाहे तब भी उसे 410 रुपए के करीब केवल किराये में खर्च हो जाएंगे। वहीं, यूपी दर्शन पार्क और रेजिडेंसी का टिकट अलग से लेना होगा। ड्राइवर का इंतजार करना पड़ेगा और विधानसभा कभी नहीं घूम पाएंगे। ———————— ये खबर भी पढ़िए… ₹500 में बस से लखनऊ के दर्शन करिए : 3 घंटे में विधानसभा और रेजीडेंसी घुमाएगी, नाश्ता भी मिलेगा; मंत्री ने दिखाई हरी झंडी राजधानी में लखनऊ दर्शन बस सेवा लॉन्च हो गई है। यह राजभवन से चलकर जीपीओ होते हुए पुराने लखनऊ पहुंचेगी। नवाबों के ऐतिहासिक स्थलों को घुमाते हुए वापस हजरतगंज लौटेगी। यहां विधानसभा के पास रुकेगी। पर्यटकों को 500 रुपए में करीब 12 स्थल देखने को मिलेंगे और 3 जगहों पर 30-40 मिनट रुकेगी, जिससे लोग वहां आराम से घूम भी सकें। (पूरी खबर पढ़िए)