लखनऊ नगर निगम आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को शहर के कई इलाकों में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय गुणवत्ता और समय सीमा में पूरी की जाएं। निरीक्षण की शुरुआत अमीनाबाद घंटाघर से हुई, जहां बन रही पार्किंग की प्रगति देख नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण जल्द पूरा हो। घंटाघर के दूसरे गेट के पास किए गए अवैध कब्जों को तुरंत हटवाने और रास्ता साफ कराने के निर्देश भी दिए। हैवतमऊ तालाब का निरीक्षण इसके बाद नगर आयुक्त गोमतीनगर के विभूति खंड पहुंचे। सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम की निरंतर निगरानी की जाए। अपने तीसरे पड़ाव में उन्होंने जोन-8 स्थित हैवतमऊ तालाब का निरीक्षण किया। झील के सौन्दर्यीकरण एसटीपी निर्माण, पाथवे इंटरलॉकिंग और रेलिंग कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और मुख्य अभियंता महेश वर्मा से कहा कि काम की गति बढ़ाई जाए और किसी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। कार्य में तेजी लाने के निर्देश नगर आयुक्त ने तालाब से जुड़े भूमि विवादों को जल्द सुलझाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर आयुक्त सुशांत गोल्फ सिटी स्थित दिव्यांग पार्क और साहित्यिक पार्क पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, हार्टिकल्चर कार्य तत्काल शुरू करने को कहा ताकि पार्क की हरियाली और सौंदर्य दोनों बढ़ सकें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव और मुख्य अभियंता महेश चंद वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी से कहा- लखनऊ के विकास कार्यों को समय पर पूरा कर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।