लखनऊ नगर निगम का इंस्पेक्टर लापता:गुडंबा थाने में परिजनों ने दो शिकायत, नगर निगम के अधिकारी बोले आरोप गलत

लखनऊ में नगर निगम हाउस टैक्स कलेक्शन का लक्ष्य पूरा करने के लिए टैक्स इंस्पेक्टरों पर लगातार दबाव बना हुआ है। इस बीच नगर निगम जोन छह में तैनात एक टैक्स इंस्पेक्टर संदिग्ध हालात में ड्यूटी के दौरान लापता हो गया है। बीते 48 घंटे से टैक्स इंस्पेक्टर आशीष कुशवाहा का मोबाद स्विच ऑफ है। उसकी तलाश के लिए घरवालों ने भी जोन कार्यालय से संपर्क किया, लेकिन जानकारी न मिल पाने पर गुडम्बा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है। टैक्स इंस्पेक्टर बीते आठ महीने से जोन छह यानी नगर निगम के ठाकुरगंज स्थित जोनल कार्यालय में तैनात है। अंतिम दफा जोनल अफसर से उसकी बातचीत 10 फरवरी को हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। परिवार वालों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं, जोनल अफसर अमरजीत यादव का कहना है कि अपने टैक्स इंस्पेक्टर को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। उनके परिवारवालों से लगातार विभाग संपर्क में है। हाउस टैक्स कलेक्शन के लक्ष्य के दबाव का आरोप गलत है। टैक्स इंस्पेक्टर अपना काम सुचारू रूप से कर रहे थे।