लखनऊ में कोहरे के कारण IND-SA टी-20 मैच रद्द:अंपायर्स ने ग्राउंड के छठे निरीक्षण के बाद लिया फैसला, फैंस बोले- बुरा लगा

कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 रद्द कर दिया गया है। मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होना था, लेकिन घने कोहरे की वजह से टॉस भी नहीं हो पाया। अंपायर्स ने 6 बार ग्राउंड कंडीशन का मुआयना किया। लेकिन, रात 9:30 बजे तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर मैच रद्द कर दिया गया। 5 मैच की सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे है। भारत ने पहला मैच 101 रन से जीता था, इसके बाद साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन से जीतकर वापसी की। तीसरे मैच में धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए फिर बढ़त बना ली। आखिरी मैच 19 दिसंबर को अहमदबाद में खेला जाएगा। इससे पहले लखनऊ में मंगलवार रात और बुधवार सुबह कोहरा इतना घना था कि शहर में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर हो गई थी। मौसम विभाग ने आज शाम 7 बजे से ही कोहरा छाने का अनुमान जताया था। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना था कि मैच में थोड़ा व्यवधान हो सकता है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक इकाना स्टेडियम पहुंचे थे। सचिन तेंदुलकर के फैन सुधीर शंख लेकर आए थे। उन्होंने टीम इंडिया की जीत के लिए शंखनाद भी किया था। साधु-संत भी मैच देखने पहुंचे थे, लेकिन मैच रद्द होने से सभी को मायूसी हुई। मैच देखने नेपाल से आए शशांक मिश्रा ने कहा- बहुत दूर से मैच देखने आया था। इंडिया को जितना था, लेकिन मैच रद्द हो गया। बहुत बुरा लगा। तस्वीरें देखिए… लाइव अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाएं…