लखनऊ में क्रिसमस की धूम है। शाम होते ही शहर के चर्च गुलजार हो गए। सबसे ज्यादा भव्यता हजरतगंज स्थित कैथेड्रल चर्च की है। रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक झालरों से पूरा चर्च सजाया गया है। यहां सांता क्लॉज बने बच्चे अपने गार्जियन के साथ पहुंचे हैं। रात 9 बजे के बाद से भीड़ बढ़ गई। रात 10:30 बजे पूरा हजरतगंज भीड़ से खचाखच हो गया। चर्च का गेट बंद होते ही पुलिस ने भीड़ को उधर जाने से रोकना शुरू कर दिया। लोग गेट खोलने की गुजारिश कर रहे। इसी चर्च के सामने इस्कॉन मंदिर की टीम ढोल-मजीरा और हारमोनियम से हरे रामा-हरे कृष्णा का संकीर्तन कर रही है। युवाओं के एक बैंड ने गाया- ‘क्या से क्या हो गए देखते-देखते’। लोगों ने चर्च के सामने कैंडल जलाए। वहीं, हुड़दंग करने वाले युवकों से ड्यूटी पर लगे जवान अपने तरीके से निपट रहे हैं। बार-बार भोंपू बजाकर परेशान कर रहे युवक को एक जवान ने पकड़ लिया। जवान ने उसके कान में भोंपू बजाकर उसके शोर का अहसास कराया। 7 तस्वीरें देखिए… हजरतगंज चौराहे से कैथेड्रल चर्च की तरफ जाने वाली दोनों सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। चर्च से दूर लोग अपनी गाड़ियां खड़ी करके हजरतगंज चौराहे से पैदल चर्च जा रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। ड्रोन कैमरे से पूरे इलाके की निगरानी हो रही है। इसके अलावा स्थानीय पुलिस, PAC और RRF के जवान तैनात किए गए हैं। क्रिसमस सेलिब्रेशन के पल-पल के अपडेट नीचे लाइव ब्लॉग में पढ़िए….