लखनऊ में छात्रा की मौत पर 2 क्लासमेट पर FIR:कोर्ट के आदेश पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज; ब्लैकमेलिंग का आरोप

लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 24 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उसके 2 क्लासमेट के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। छात्रा ने सात नवंबर 2025 की रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। छात्रा के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को कोचिंग में साथ पढ़ने वाले हार्दिक त्रिपाठी और माहीराज तिवारी लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहे थे। दोनों ने शादी का झांसा देकर छात्रा से संबंध बनाए और बाद में उसके वीडियो, फोटो और वॉट्सएप चैट वायरल करने की धमकी देने लगे। मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी पिता ने बताया कि आत्महत्या वाले दिन शाम करीब 7:30 बजे कोचिंग से लौटते समय बेटी ने मां को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। उसने कहा था कि दोनों युवक लगातार दबाव बना रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। परिजनों के मुताबिक आत्महत्या से पहले छात्रा की दोनों आरोपियों से फोन पर बातचीत भी हुई थी। घटना के बाद कमरे से मिले मोबाइल फोन की जांच करने पर पूरे मामले की जानकारी सामने आई। पीड़ित पिता ने पहले थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर चिनहट पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।