लखनऊ में दो दिवसीय संस्कृति महोत्सव शुरू:कई हस्तियों को ‘गौरैया नारी शक्ति सम्मान’ से नवाजा गया

लखनऊ के गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में गौरैया संस्कृति संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। महोत्सव के पहले दिन पद्मभूषण साजन मिश्रा और उनके पुत्र स्वरांश मिश्रा ने शास्त्रीय गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर कथक नृत्यांगना आरती शुक्ला, एथलीट सुधा सिंह, साहित्यकार सत्या सिंह, समाजसेवी हेमा पांडे और लोक गायिका संजोली पांडे को ‘गौरैया नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। संस्कृति विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन ‘वंदे मातरम’ के गीतों से हुआ। शिखा श्रीवास्तव, सुनीता सिंह, सीमा अग्रवाल, अमिता द्विवेदी, निकिता मिश्रा, दीपिका मिश्रा, ज्योति पांडे, माधुरी सिंह, लता तिवारी और नीलिमा तिवारी ने अपनी सुमधुर आवाज में ये गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद देवी गीत, पारंपरिक अवधी लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए। शिखा श्रीवास्तव की ‘झुलनी’ पर आधारित नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सुगम संगीत प्रस्तुति ने अवधी गीतों की मधुरता बिखेरी पद्मभूषण साजन मिश्रा और स्वरांश मिश्रा ने राग बागेश्वरी में तीन ताल में निबद्ध रचना ‘ऐ री सखी घर कैसे जाऊं… जमुना जल कैसे भर लाऊं…’ प्रस्तुत की। उनके साथ हारमोनियम पर धर्मनाथ मिश्र, सारंगी पर विनायक और तबले पर राजेश मिश्रा ने संगत की। अमित दीक्षित रामजी के दल ने कृष्ण लीला का मनमोहक मंचन किया। बच्चों और युवाओं ने भी अपनी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। पूजा श्रीवास्तव ने भजन, महिता पांडे ने कजरी और रश्मि सिंह ने लोकगीत ‘बोल राम आये सिया के साथ’ प्रस्तुत किया। अनिता मिश्रा, आर्या श्रीवास्तव, रंजना, गार्गी, स्मृति मिश्रा और उत्तराखंड के बीआरटी डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आहूजा दल द्वारा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी गौरैया संस्कृति संस्थान की अध्यक्ष रंजना मिश्रा ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन माधवी मधुकर झा का संस्कृत गायन, राधा श्रीवास्तव का लोकगीत और यामिनी पांडे की सुगम संगीत प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही संगीता आहूजा दल द्वारा नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जीएसटी सुशील कुमार श्रीवास्तव, एमएलसी पवन सिंह चौहान और महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।