लखनऊ में नशे की हालत में नहर में गिरा युवक:तिकुनिया में 3 घंटे से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन, गोताखोर कर रहे तलाश

लखनऊ में होली के दिन पारा इलाके में एक युवक के नहर में गिरने से हड़कंप मच गया। घटना तिकुनिया स्थित शारदा नहर की बताई जा रही है, जहां नशे की हालत में युवक अचानक बाउंड्री वॉल से नीचे जा गिरा। सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नहर किनारे घूम रहा था। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठा और बाउंड्री वॉल से नीचे नहर में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश अभियान शुरू कराया है। होली पर शराब पीने की बात सामने आई स्थानीय निवासियों का कहना है कि युवक ने होली के मौके पर शराब पी रखी थी। नशे की हालत में होने के कारण वह अपना संतुलन नहीं संभाल सका और हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी पारा थाना पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नहर के बहाव और गहराई को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है। जरूरत पड़ने पर गोताखोरों की भी मदद ली जाएगी। फिलहाल युवक की पहचान और स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।