लखनऊ में मार्च में प्रस्तावित धीरेन शास्त्री महाराज का दरबार अब नहीं सजेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने वसंत कुंज योजना स्थित प्रेरणा स्थल मैदान का आवंटन निरस्त कर दिया है। दरअसल, 14 मार्च से 18 मार्च तक प्रेरणा स्थल में धार्मिक दरबार आयोजित करने के लिए हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट ने एलडीए से मैदान आवंटन का आवेदन किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिलने के चलते एलडीए ने यह कदम उठाया। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर स्पष्ट अनुमति न मिलने के कारण प्राधिकरण ने आवंटन आदेश निरस्त कर दिया। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने पहले सोशल मीडिया पर तैयारियां शुरू कर दी थीं। धीरेन शास्त्री महाराज ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए भक्तों को मार्च में लखनऊ आगमन की जानकारी भी दी थी। हालांकि अब आवंटन निरस्त होने के बाद कार्यक्रम पर विराम लग गया है। बताया जा रहा है कि जब तक पुलिस और प्रशासन से आवश्यक अनुमतियां नहीं मिलतीं, तब तक किसी भी बड़े आयोजन के लिए सार्वजनिक स्थल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। फिलहाल आयोजकों की ओर से आगे की रणनीति पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।