लखनऊ में दो बदमाशों ने एयरफोर्स से रिटायर्ड अधिकारी के माथे पर गोली मार दी। वह पत्नी के साथ अपने रेस्टोरेंट में थे। रात करीब 10 बजे वह रेस्टोरेंट बंद करने लगे। यहां का कुछ सामान रखने अपनी कार तक गए। वहां दौड़कर आए दो लोगों ने उनका नाम पूछा। इस पर उन्होंने पलटकर देखा। उनके पलटकर देखते ही दो में से एक बदमाश ने कहा- यही है मारो। इतना सुनते ही दूसरे वाले ने फायर कर दिया। गोली रिटायर्ड अधिकारी की दाहिनी आंख के ऊपर माथे पर लगी। गोली लगते ही वह गिर पड़े और बदमाश वहां से भाग गए। मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के शॉपिंग स्क्वायर-2 कॉम्प्लेक्स का है। लोगों की मदद से अस्पताल ले गईं पत्नी घायल की पहचान अवधेश कुमार पाठक (60) के रूप में हुई। उन्हें उनकी पत्नी ने स्थानीय लोगों की मदद से मेदांता अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि घायल की पत्नी मिथिलेश की शिकायत पर 2 अज्ञात पर FIR दर्ज की गई है। जांच जारी है। माथे में ही फंसी है गोली सुशांत गोल्फ सिटी के शॉपिंग स्क्वायर में अवधेश अपनी पत्नी के साथ रेस्टोरेंट चलाते हैं। हमलावर रेस्टोरेंट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। अवधेश को गोली मारकर भाग गए। गोली लगने के बाद अवधेश गिरे जरूर लेकिन संभलते हुए खड़े हुए और अपने रेस्टोरेंट तक पहुंच गए। पत्नी के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया है कि गोली उनके माथे में ही फंसी हुई है। डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे की घटना है। घायल अवधेश संतकबीरनगर के हावपुर गड़ारी थाना बखिरा के रहने वाले हैं। उनकी एक बेटी कनाडा में हैं और बेटा पुणे में है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस की 8 टीमें लगाई गई हैं। ———————— ये खबर भी पढ़िए… ₹3000 खाने के बिल के लिए दो दोस्तों का मर्डर : गाजियाबाद में ढाबे के कर्मचारियों ने चाकू मारे, साथी जान बचाकर भागे गाजियाबाद में ढाबे पर दो दोस्तों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। ढाबे के कर्मचारियों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों युवक अपने तीन और दोस्त के साथ दो बाइकों से ढाबे पर पहुंचे। खाना खाया। आरोप है कि ढाबे के कर्मचारियों ने उनसे 3 हजार का बिल मांगा। इतना बिल सुनते ही युवक भड़क गए। उनकी मालिक और कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। गुस्से में ढाबे के कर्मचारियों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। मारपीट देखकर दोनों युवकों के साथी भाग गए। (पूरी खबर पढ़िए)