लखनऊ में निकाह के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक:कहा- लड़की मैंने देख ली है, निकाह करा दो; उतारने के लिए समझाती रही पुलिस

लखनऊ में एक युवक एक लड़की से निकाह कराने की जिद लेकर 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। वहां से लड़की का नाम लेकर चिल्लाने लगा कि उससे मेरा निकाह करा दो। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिसवाले उसे समझाने लगे, लेकिन वह उतर नहीं रहा था। घटना पीजीआई कैंपस की है। मंगलवार सुबह इरशाद खान नाम का युवक मोबाइल फोन टावर पर चढ़ गया। पहुंची पुलिस ने एहतियातन टावर के आसपास के क्षेत्र को घेर लिया। लोगों को वहां जाने से रोका। यह ड्रामा देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस करीब 1 घंटे तक उसे समझाती रही। PGI इलाके में रहता है युवक युवक PGI इलाके में रहता है। PGI कैंपस सहित आसपास के गांवों में वह जंगली जीवों का रेस्क्यू करता है। वह कई बार कैंपस के अंदर ही निकले अजगर, बिज्जू आदि का रेस्क्यू कर चुका है। पिछले साल अस्पताल परिसर में ही अजगर निकला था, जिसे इरशाद ने रेस्क्यू किया था। अजगर करीब 10 फीट लंबा था। इसी 4 जनवरी को PGI के पल्मोनरी वार्ड बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित वेटिंग हॉल में जंगली बिल्ली (बिज्जू) दिखी थी। उसे पकड़ने के लिए लोगों ने इरशाद को बुलाया था। इरशाद ने बिल्ली को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे गौतमखेड़ा जंगल में छोड़ दिया। PGI प्रशासन ने पुलिस बुलाई, बैठक की PGI प्रशासन ने पुलिस बुला ली है। जोन के कई अधिकारी अस्पताल परिसर पहुंचे हैं। बैठक में वर्तमान हालात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। युवक को PGI के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक ले जाया गया है। वहां उससे पूछताछ की गई। युवक को कोतवाली ले गई पुलिस एडीसीपी साउथ रल्ला पल्ली वसंथ कुमार, एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव, एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा और पीजीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने युवक से पूछताछ की। उसके बाद उसे पीजीआई कोतवाली ले गई।
सूत्रों के अनुसार, युवक एक युवती से प्रेम करता है। उससे निकाह करना चाहता है, लेकिन युवती ने बातचीत और शादी से इनकार कर दिया है। इससे वह मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले युवती के पिता से उसकी कहासुनी और मारपीट भी हुई थी, जिस पर पुलिस ने शांति भंग में उसका चालान किया था। इसी मामले में सोमवार को उसे नोटिस भी मिला था। पुलिस का आधिकारिक बयान पढ़िए… पुलिस द्वारा जारी बयान में बताया गया कि मंगलवार सुबह एसजीपीजीआई परिसर में एक व्यक्ति के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में व्यक्ति की पहचान 27 साल के इरशाद खान पुत्र मोहम्मद इसराइल निवासी एसजीपीजीआई कैंपस, थाना पीजीआई, लखनऊ के रूप में हुई। वह मूल रूप से सिंदुरवा, तहसील मुसाफिरखाना, जिला अमेठी का रहने वाला है। इरशाद खान बचपन से ही एसजीपीजीआई परिसर में रह रहा था। परिसर में घरों में प्रवेश कर जाने वाले विषैले जीव-जंतुओं व अन्य जानवरों के रेस्क्यू करता था। किसी कारणवश लगभग एक माह पूर्व उसे परिसर से निष्कासित कर दिया गया था। परिसर में प्रवेश के लिए प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया था। मंगलवार को वह दोबारा परिसर में रहने और कार्य उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीजीआई निदेशक और अन्य अधिकारियों ने पुलिस के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस के अनुसार घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या अव्यवस्था नहीं हुई। मामले में युवक से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ————————- ये खबर भी पढ़िए… लखनऊ में शिलापट्ट पर हारे हुए भाजपा नेता का नाम : पार्टी के महानगर और मंडल अध्यक्ष के भी नाम लिखे, अधिकारी बोले- सब हटाए जाएंगे लखनऊ के विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों से ज्यादा भाजपा के मंडल और महानगर लेवल के नेताओं के नाम चमक रहे हैं। कई विकास कार्यों के शिलापट्ट पर सांसद राजनाथ सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल के साथ महानगर अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के नाम छपे हैं। इतना ही नहीं, सांसद निधि से कराए गए काम पर उन्होंने अपना नाम लिखवा दिया जो कभी पार्षदी का चुनाव हार चुके हैं। (पूरी खबर पढ़िए)