लखनऊ में LDA ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुधवार को एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई की। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन की अलग-अलग जोनल टीमों ने अवैध रेस्टोरेंट, प्लाटिंग, मैरिज लॉन, हॉस्पिटल और रो-हाउस को तोड़ा और सील किया। विभूतिखण्ड स्थित रोहताश प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट की ओपन पार्किंग और सेटबैक क्षेत्र में बने दो अवैध रेस्टोरेंट एलडीए ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के मुताबिक, भूखण्ड संख्या-4/4 पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पंजाबी ढाबा (साईं ढाबा) और लिटिल शेफ रेस्टोरेंट का निर्माण किया गया था। अभियान चलाकर दोनों अवैध निर्माण गिरा दिए गए। इसके साथ ही चिनहट के उत्तरधौना स्थित स्प्रिंग गार्डन फेज-2 में स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण को भी हटाया गया। मोहनलालगंज में 30 बीघा में हो रही 2 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मोहनलालगंज के खुजौली गांव में कार्रवाई करते हुए लगभग 30 बीघा क्षेत्र में की जा रही दो अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया- मुकेश और सतीश कुमार द्वारा विकसित की जा रही प्लाटिंग में बनाई गई सड़क, नाली और बाउंड्रीवॉल को बुलडोजर से गिराया गया। मैरिज लॉन-हॉस्पिटल सील, पारा में 25 रो-हाउस पर ताला प्रवर्तन जोन-3 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया- सरोजनीनगर के अनौरा गांव में 1000 वर्गमीटर में बने आरडी पैलेस मैरिज लॉन को सील किया गया। पारा के मोहान रोड पर बने एसडी हॉस्पिटल (150 वर्गमीटर) पर भी सीलिंग की कार्रवाई हुई। पारा के चुन्नूखेड़ा इलाके में करीब 2500 वर्गमीटर में बन रहे 25 अवैध रो-हाउस भवनों को सील कर दिया गया। इसके अलावा काकोरी और पारा क्षेत्र में बने तीन अन्य अवैध व्यावसायिक निर्माण भी सील किए गए।