लखनऊ में पूर्व कर्मचारी ने भाई संग की चोरी:गोदाम से बिजली का सामान-जनरेटर ले गए, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया

लखनऊ के कैसरबाग थानाक्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सोनहा थाना क्षेत्र के नारायणपुर सल्टुवा बस्ती निवासी शुभम कुमार पटवा (27) और विशाल पटवा (22) के रूप में हुई है। दोनों उदयगंज स्थित मुराद अली लेन हुसैनगंज में रह रहे थे। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी मिश्रा ने बताया- शालीमार एमरोल्ड, जापलिंग रोड निवासी मानस मेहरोत्रा की दुकान से रविवार तड़के स्टाफ शुभम कुमार पटवा व उनके भाई विशाल कुमार पटवा ने बिजली एवं जनरेटर के सामान चोरी कर लिए। इसके लिए शुभम ने शनिवार गोदाम की चाबी गायब कर दी। इसके अगले दिन भाई विशाल कुमार पटवा के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुबेर बिल्डिंग, ओडियन सिनेमा के पास खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। शुभम पटवा ने बताया कि वह पहले पीड़ित की दुकान पर काम करता था। पैसों की जरूरत के चलते उसने दोबारा काम शुरू किया और लालच में आकर 25 जनवरी 2026 को दोपहर करीब तीन बजे अपने भाई विशाल की मदद से चोरी को अंजाम दिया। चोरी किया गया माल ओडियन सिनेमा के पास स्थित एक खंडहर में छिपा दिया गया था।