लखनऊ में बिजली कटौती से हाहाकार:9 घंटे तक बिजली कटने से परेशान 50 हजार लोग, पानी भी नहीं मिला

लखनऊ के शकुंतला देवी मिश्रा उपकेंद्र से जुड़े पुराने और जर्जर बिजली के तारों और पैनलों की मरम्मत और बदलने के लिए शुक्रवार को लिया गया पांच घंटे का शट डाउन नौ घंटे में बदल गया। उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। दिन भर उन्हें गर्मी में तो बिताना ही पड़ा, शाम को बिजली न आने से पेयजल की किल्लत हो गई। देर शाम जब आपूर्ति चालू हुई तब लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली बंद होने से 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। लेसा की तरफ से गुरुवार को सूचना दी गई थी कि 33/11 केवी उपकेन्द्र शकुन्तला मिश्रा पर पुराने और जर्जर 11 केवीवीसीबी पैनल शुक्रवार को बदला जाना है। जिसके लिए सुबह 10 से अपराह्न 03 बजे तक शट डाउन लिया जाएगा। इस दौरान आवास विकास, शकुन्तला मिश्रा, स्टेडियम, पारा, मायापुरम और जाहिदनगर पोषकों से बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने लोगों से बिजली कटौती के अनुसार पेयजल आदि की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया था। उपभोक्ताओं के अनुसार सुबह तो निर्धारित समय पर बिजली काट दी गई, लेकिन अपराह्न 03 बजे तक आपूर्ति शुरू नहीं की गई। बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम को पेयजलापूर्ति के समय नहीं आई। जिसकी वजह से लोग शाम को पानी नहीं भर पाए। बिजली नहीं आने पर उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र का फोन खड़खड़ाना शुरू कर दिया। वहां से यही आश्वासन दिया जाता रहा कि बस कुछ ही देर में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। लेकिन, बिजली देर शाम 07.30 बजे आई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।