लखनऊ में राणी सती दादी का मंगल पाठ:श्री खाटू श्याम मंदिर में डिंपल अग्रवाल ने किया वाचन

राजधानी लखनऊ में बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर में राणी सती दादी का मंगल पाठ आयोजित किया गया। इस मंगल पाठ का वाचन डिंपल अग्रवाल ने किया।डिंपल अग्रवाल के मधुर और भावपूर्ण भजनों ने दादी भक्तों को भावविभोर कर दिया। भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु झूम उठे और पूरे परिसर में ‘दादी की जय’ के जयकारे गूंजते रहे। पूनम अग्रवाल ने बताया कि भक्तों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दादी को प्रसन्न किया। इन प्रस्तुतियों की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की। मंदिर में दादी के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप में सजाया गया , जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना। दादी को छप्पन भोग अर्पित किए गए इस मंगल पाठ में 300 से अधिक दादी भक्तों ने भाग लिया। मित्र मंडल की ओर से दादी को छप्पन भोग अर्पित किए गए। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हल्दी और मेहंदी की रस्म भी निभाई गई। इस अवसर पर महिलाओं को सुहाग सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं ने राणी सती दादी की कथा सुनी और उनकी महिमा का गुणगान किया। विशेष पूजा-अर्चना के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में दिनेश अग्रवाल, महामंत्री रूपेश अग्रवाल, अनुराग साहू, आशीष अग्रवाल, महेश गर्ग, पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।