लखनऊ में रिटायर्ड फौजी के घर चोरी का CCTV:रात में पूरा घर खंगाला, सुबह लोडर में सामान लाद ले गए; कानपुर गया था परिवार

लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन हाउसिंग सोसाइटी में चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ एक रिटायर्ड फौजी के घर को निशाना बनाया। वारदात इतनी शातिर थी कि चोर रात डेढ़ बजे घर में घुसे और सुबह लोडर बुलाकर आराम से सामान ले जाते हुए निकल गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने पीजीआई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित दिलीप गुप्ता आर्मी से रिटायर्ड हैं। वह दो दिन पहले पारिवारिक कारणों से कानपुर शुक्लागंज गए हुए थे। गुरुवार-शुक्रवार की रात घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात करीब 1:30 बजे चोर घर में दाखिल हुए और एक-एक कर पूरे मकान को खंगाल डाला। घटना के बाद से वृंदावन हाउसिंग सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। 2 तस्वीरें देखिए… सुबह लोडर बुलाकर ले गए चोरी का सामान सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि चोरों ने सिर्फ छोटी-मोटी चोरी नहीं की, बल्कि सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच लोडर वाहन बुलाया और घर का कीमती सामान उसमें लादकर ले गए। अलमारियां तोड़ी गईं, कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा मिला और घर पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें चोरों की गतिविधियां, उनके आने-जाने का समय और लोडर वाहन तक कैद है। फुटेज के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पीड़ित दिलीप गुप्ता ने पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।