लखनऊ में शादी के बाद 5 लाख और कार मांगी:पत्नी से मारपीट कर मानसिक प्रताड़ना दी, आशियाना थाने में केस दर्ज

लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रतापगढ़ जिले के सिरसुपुर निवासी सीमा शुक्ला ने बताया कि उनका विवाह 20 नवंबर 2021 को वामनपुर निवासी अखिलेश मिश्रा से हुआ था। सीमा के अनुसार, विवाह के समय उनके पिता ने अपनी क्षमता से अधिक दहेज दिया था। इसके बावजूद, ससुराल पक्ष के लोग उनसे पांच लाख रुपए नकद और एक कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पति, सास और ससुर ने सीमा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति अखिलेश मिश्रा शराब पीकर झगड़ा करने लगे और दोस्तों को घर लाकर उत्पात मचाते थे। पीड़िता ने बताया कि जब वह मायके जाती थीं, तो लौटने पर पति और सास-ससुर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कई बार समझाने के बावजूद अत्याचार बढ़ते गए। सीमा के अनुसार, 27 जून 2023 को उनकी सास और पति ने मिलकर उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए नगर निगम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस घटना के बाद सीमा अपने पिता के साथ मायके लौट आईं और पूरी बात बताई। पिता द्वारा कई बार समझाने के प्रयासों के बावजूद ससुराल पक्ष ने कोई सुधार नहीं किया। अंततः सीमा ने आशियाना थाने में पति अखिलेश मिश्रा, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।