लखनऊ में सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन का कैंडल मार्च:पेंशन राशि बढ़ाने की मांग, बोले- सरकार नजरअंदाज कर रही है

लखनऊ में सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने कैंडल मार्च निकाला। संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर हजरतगंज स्थित प्रेरणास्थल पर एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न संगठनों के नेताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभा में वक्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती, पेंशनर्स की समस्याओं और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। संघर्ष को धार देने की अपील सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एस.पी. सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि पेंशनर्स के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन दृढ़ संकल्पित है। हम लोग लंबे समय से यह लड़ाई लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे । जब तक हमारे हक में फैसला नहीं होता यह आंदोलन जारी रहेगा। संगठनात्मक एकता और अनुशासन पर जोर देते हुए संघर्ष को और धार देने की अपील की। ‘पेंशन में कटौती बंद हो’ अमरनाथ ने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई के कारण पेंशनर्स की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। हमारी मांग है की 10 साल के बाद पेंशनर्स से किसी भी प्रकार की कटौती बंद होनी चाहिए। पंजाब सरकार ने 10 साल के ऊपर कटौती बंद करने के लिए आदेश जारी कर दिया है। जम्मू कश्मीर चंडीगढ़ एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तमाम याचिकाओं में 10 वर्ष के ऊपर कटौती को अनुचित बताते हुए स्थगन आदेश जारी किया है। महा आंदोलन की चेतावनी महामंत्री ओपी त्रिपाठी ने कहा कि हमारी मांग है कि सेवानिवृत कर्मचारियों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किया जाए। 60 से लेकर 80 साल तक सरकार पेंशन वृद्धि प्रदान नहीं करती है । हमारी मांग है कि 65 70 वर्ष की आयु वाले सेवानिवृत कर्मचारियों को 5 , 10 और 15% पेंशन वृद्धि प्रदान की जाए। ऐसी तमाम मांगे हैं जिनको लेकर हम लोग लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं मगर सुनवाई नहीं हो रही है अगर जल्द ही सरकार की तरफ से ठोस कदम नहीं उठाया गया तो महान आंदोलन किया जाएगा पेंशनर्स ने लिया हिस्सा कैंडल मार्च में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बी.एल. कुशवाहा, डॉ. आर.पी. मिश्रा (माध्यमिक शिक्षक संघ), डिप्लोमा इंजीनियर संघ के नेता ओ.पी. राय, महामंत्री ओ.पी. त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम स्वरूप कश्यप और संगठन के प्रखर नेता एस.पी. श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।