लखनऊ में 13KM की स्पीड से चल रहीं बर्फीली हवाएं:गुनगुनी धूप निकली, 15 जनवरी से बदलेगा मौसम; 18 को बूंदाबांदी के आसार

लखनऊ में आज सुबह हल्के कोहरे के असर के साथ में धुंध बनी रही। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं। उसके बाद मौसम साफ हुआ। गुनगुनी धूप निकली। दिन का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा, जो इस सीजन का सबसे कम स्तर रहा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 83 फीसदी रही। न्यूनतम आर्द्रता 33 फीसदी रही। इस दौरान दिनभर तेज धूप का असर बना रहा। पश्चिमी यूपी में कोल्ड डे, लखनऊ में मौसम सामान्य आगामी दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से 15 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी होगी। इससे पश्चिमी यूपी में चल रही शीतलहर से निजात मिलेगी, लेकिन कोहरे का दायरा और घनत्व बढ़ सकता है। दिन में मौसम खुशगवार रहने की संभावना है। 18 जनवरी को कहीं-कहीं बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश शुरू हो सकती है, जो अगले 2-3 दिनों तक बढ़ सकती है। शीतलहर के साथ पाला पड़ने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटों में कोई खास बदलाव न होने से अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड मंडल के जिलों में आज रात कहीं-कहीं शीतलहर के साथ पाला पड़ने की संभावना है। हालांकि, उत्तरी तराई और सुदूर दक्षिणी इलाकों में सुबह के घने कोहरे के दिन चढ़ते ही तेजी से छंटने और धूप खिलने से दिन में ठंड से राहत मिलेगी।