भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर लखनऊ में दो दिवसीय अटल स्वास्थ्य मेला-6 का आयोजन किया जा रहा है। यह निःशुल्क स्वास्थ्य मेला 20 और 21 दिसंबर को विकास नगर स्थित मिनी स्टेडियम में लगेगा। आयोजन अटल जी को समर्पित होगा और उनके प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेला संयोजक और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से बीते पांच वर्षों की तरह इस वर्ष भी अटल जयंती के अवसर पर बड़े स्तर पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था मेले में राजकीय और निजी चिकित्सालयों के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच और उपचार किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। वहीं दिव्यांग जनों के लिए जांच, प्रमाण पत्र वितरण के साथ-साथ ट्राई साइकिल, कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा। स्वास्थ्य मेले में सामान्य जांचों के साथ-साथ सर्वाइकल और स्तन कैंसर, मैमोग्राफी समेत अन्य कैंसर की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ईसीजी, एक्स-रे, अल्ट्रासोनोग्राफी, रक्त जांच, ब्लड शुगर, एचआईवी और अन्य पैथोलॉजिकल जांच भी पूरी तरह निःशुल्क होंगी। आयुष्मान कार्ड और सरकारी योजनाओं के स्टॉल मेले में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे, जिससे जरूरतमंदों को भविष्य में इलाज का लाभ मिल सके। डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित अटल स्वास्थ्य मेले में लगभग 23 हजार जरूरतमंदों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया था। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोगों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। 100 से अधिक अस्पताल और संस्थान होंगे शामिल अटल स्वास्थ्य मेले में एसजीपीजीआई, मेडिकल कॉलेज सहित करीब 100 से अधिक निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें मेदांता, अपोलो मेडिक्स, सहारा, मैक्स, मेयो, चंदन, एरा मेडिकल कॉलेज, टीएस मिश्रा मेडिकल कॉलेज, इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज, लखनऊ कैंसर अस्पताल, एलेंट्रा कैंसर इंस्टीट्यूट समेत कई प्रमुख अस्पताल शामिल हैं। हर बीमारी के विशेषज्ञ रहेंगे मौजूद मेले में मातृ, शिशु और बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, टीबी और कुष्ठ नियंत्रण, हृदय, कैंसर, नेत्र, दंत, गुर्दा, चर्म, मानसिक रोग, श्वास, हड्डी और मधुमेह रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। साथ ही आयुष पद्धतियों—आयुर्वेद, यूनानी, योग, होम्योपैथी और नेचुरोपैथी से जुड़ी सेवाएं भी दी जाएंगी।