लखनऊ के चिनहट स्थित केजी रेजिडेंस हॉस्टल में सोमवार दोपहर बीबीडी की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। साथी छात्राओं ने उसे फंदे से उतारकर लोहिया हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई जा रही है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि जौनपुर निवासी खुशी सिंह (19) बीबीडी कॉलेज में पढ़ाई करती थी। चिनहट के केजी रेजिडेंस हॉस्टल में रह रही थी। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हॉस्पिटल से पुलिस को छात्रा की मौत की सूचना मिली। कमरे में फंदे से लटकी मिली एसआई दीपक पांडेय मौके पर पहुंचे तो पता चला कि खुशी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली थी। काफी देर तक खुशी के बाहर न निकलने पर साथी छात्राओं ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर हॉस्टल स्टाफ की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो खुशी अंदर फंदे से लटकी मिली। उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुसाइड नोट नहीं मिला इंस्पेक्टर ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। साथी छात्राएं कुछ बता नहीं सकीं और कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।