लखनऊ में LDA टीम पर पत्थरबाजी:JCB तोड़ी; ड्राइवर घायल, पूरनपुर गांव में अवैध निर्माण तोड़ने गई थी

लखनऊ के मोहनलालगंज नगराम रोड स्थित पूरनपुर गांव में बुधवार को अवैध निर्माण गिराने पहुंची एलडीए टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कार्रवाई शुरू होते ही दर्जनों लोग मौके पर जुट गए और विरोध करने लगे। आरोप है कि इस दौरान टीम के साथ हाथापाई की गई, विभागीय फाइलें छीनने की कोशिश हुई और जेसीबी व सरकारी वाहनों पर पथराव किया गया। पथराव में जेसीबी चालक घायल हो गया, जबकि वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव के मुताबिक, ग्राम पूरनपुर में राजपाल व अन्य द्वारा करीब 2000 वर्गफीट भूखंड पर व्यावसायिक उपयोग के लिए दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। यह निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के किया जा रहा था। मामले में विहित प्राधिकारी न्यायालय ने वाद दर्ज कर ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए थे। आदेश के अनुपालन के लिए 18 फरवरी 2026 की तिथि तय की गई थी। ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता सत्येंद्र सोलंकी, अवर अभियंता विभोर श्रीवास्तव और विवेक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जैसे ही अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की, स्थानीय लोगों ने विरोध तेज कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए सूचना पर प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार और जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त बल की मौजूदगी में कार्रवाई दोबारा शुरू कराई गई। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अवर अभियंता विवेक यादव की ओर से मोहनलालगंज थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।