लखनऊ विकास प्राधिकरण का अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की चेतावनी के बाद अवैध निर्माण करने वालों पर गाज गिरी। एलडीए की प्रवर्तन टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 20 अवैध निर्माण सील किए। इसमें महानगर में नियमों को ताक पर रखकर बन रहा खुर्रम बिल्डर का अवैध अपार्टमेंट भी शामिल है। प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया- महानगर के सेक्टर-बी में भूखण्ड C-362 पर राहुल मिश्रा, विनोद कुमार, अनिमेश, हरीश कुमार, प्रमोद मिश्रा और खुर्रम बिल्डर द्वारा लगभग 5,000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध तरीके से अपार्टमेंट का निर्माण करवाया जा रहा था। कॉम्पलेक्स पर सीलिंग की कार्रवाई की न्यायालय के आदेशों को पालन करते हुए इसे सील कर दिया गया। इसी तरह फरहान और मोहम्मद लईक द्वारा गुड़म्बा में कुर्सी रोड पर पलका चौराहे के पास 2 जगहों पर व्यवसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। अवैध तरीके से निर्मित किए जा रहे इन दोनों कॉम्पलेक्स पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। उमाकांत बिल्डर द्वारा चिनहट में देवा रोड पर ग्राम-नौबस्ता कला में द वुड अपार्टमेंट और बीसीसी ग्रीन के पास 100-100 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंडों पर 14 रो-हाउस भवनों का निर्माण किया जा रहा था। अवैध निर्माणों को सील कर दिया वहीं, फहीम व अन्य द्वारा चिनहट में अयोध्या हाईवे पर दो मंजिला कॉम्पलेक्स बनवाया जा रहा था। इसके अलावा मोहम्मद शान द्वारा इंदिरा नगर के अबरार नगर में लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल व हंजला बिल्डर द्वारा सर्वोदय नगर में लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बहुमंजिला अपार्टमेंट का निर्माण कराया जा रहा था। जोनल अधिकारी ने बताया कि एलडीए से नक्शा पास कराए बिना किए जा रहे इन सभी अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया है।