लखनऊ सहकारिता एक्सपो में सजी सांस्कृतिक संध्या:मंत्री राठौर बोले- युवाओं – किसानों को विकास से जोड़ना मुख्य लक्ष्य

लखनऊ इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में सहकारिता विभाग का यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो–2025 जारी है । एक्सपो में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे है। कार्यक्रम में लोक संगीत और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर लोक गायिका मानसी रघुवंशी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी मधुर आवाज़ और भावपूर्ण गायन को सुनकर दर्शक झूम उठे। सांस्कृतिक संध्या में मंत्री जे.पी.एस. राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे । उन्होंने अपने संबोधन में लोक गायिका की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में कला, संस्कृति और सहकारिता के मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करती है। बड़ी संख्या में लोग सहकारिता की सदस्यता ले रहे हैं और सहकारिता बैंक से किसानों, नौजवानों को लाभ मिल रहा है। मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने बताया कि यह एक्सपो 10 दिनों तक चलेगा । एक्सपो में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के स्टॉल लगाए गए है, जिनमें सहकारी योजनाओं, नवाचारों, तकनीकी पहल और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन युवाओं को सहकारिता से जोड़ने और सहकारी आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, कलाकार समेत बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं।