लखीमपुर पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार:दो नाबालिग बच्चियां भी बरामद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त

लखीमपुर में सदर कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। दो गुमशुदा नाबालिग बच्चियों को भी सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा चोरी की घटना का सफल अनावरण किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय कुमार, निवासी रामनगर कॉलोनी, कोतवाली सदर, और आशुतोष, निवासी खजुहा, थाना फरधान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे की रॉड, प्लास, आरी का पत्ता, टूटा ताला, पेचकस, पलक रिंच, मोटरसाइकिल की चाबी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।