लखीमपुर के पलिया तहसील के मझगईं थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। नौगांव के पास रपटा पुल के नजदीक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान को लेकर चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि जिस बाइक पर वह सवार था, उस पर ‘अध्यक्ष’ की नेम प्लेट लगी हुई थी। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान बेलाकलां निवासी श्रवण मौर्या के चालक विजयपाल के रूप में हुई है। घायल विजयपाल को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।