लखीमपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा:पिता की मौके पर मौत, बेटा घायल; दोनों तिलक समारोह में होने जा रहे थे शामिल

लखीमपुर खीरी में शादी समारोह की खुशी मातम में बदल गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। देखिए घटनास्थल की 2 तस्वीरें… जानिए पूरा मामला लखीमपुर खीरी जिले के निघासन-ढखेरवा हाईवे पर सोमवार रात सड़क हादसा हो गया। रकेहटी निवासी दीनबंधु गौतम (50) अपने बेटे छोटू (20) के साथ बाइक से लालपुर के मजरा मंझलीपुरवा में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रकेहटी और निघासन के बीच सूरजपुर धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीनबंधु गौतम सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान उधर से गुजर रहे पूर्व प्रधान अजय गुप्ता ने हादसा देखकर तुरंत पुलिस, एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही निघासन कोतवाल महेशचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल छोटू को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन भेजा गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। कोतवाल महेशचंद्र ने बताया- “अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”