लखीमपुर के खीरी थाना क्षेत्र के लगूचा इलाके में सोमवार को एक 6 वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बच्ची की पहचान बरतिरवा मजरा इकबालपुर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री अंजलि के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंजलि अपने घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह पड़ोस में स्थित एक पानी भरे तालाब के पास चली गई और गहरे पानी में डूब गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही खीरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव वाले गड्ढों और तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।