कानपुर में एक कारोबारी को लड़की ने हनीट्रैप में फंसा लिया। उसने कहा- मैं एक सक्सेस बिजनेस वुमेन हूं। ट्रेडिंग से हर महीने लाखों रुपए कमाती हूं। तुम मेरे साथ जुड़कर काम करो तो तुम्हें डबल मुनाफा दूंगी। फिर लड़की ने कारोबारी से अलग-अलग कंपनियों में करीब 2.50 करोड़ रुपए निवेश करा लिए। कारोबारी ने जब अकाउंट से पैसे निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। उसने पैसे मांगे तो लड़की ने धमकी दी। कहा- मेरे पास तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के अश्लील वीडियो हैं। अगर पैसे मांगे या कहीं शिकायत की तो ये वीडियो वायरल कर दूंगी। कारोबारी ने अब चकेरी थाने में लड़की पर केस दर्ज कराया है। फेसबुक पर भेजी रिक्वेस्ट, फिर शुरू हुई बात
चकेरी के सफीपुर फर्स्ट के रहने वाले कारोबारी राहुल केसरवानी ने पुलिस को बताया- मई 2025 में मेरे फेसबुक पर एक खूबसूरत लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। मैंने उसे स्वीकार कर लिया। हम दोनों के बीच मैसेंजर पर बातचीत शुरू हो गई। फिर मोबाइल नंबर भी एक्सचेंज हुए। लड़की ने मुझे वॉट्सऐप पर मैसेज करके कहा कि वह बिजनेस करती है। ट्रेडिंग कंपनियों में निवेश कर लाखों रुपए कमाती है। उसने मुझसे कहा कि तुम भी निवेश करो तो डबल मुनाफा मिलेगा। उसने मुझे ट्रेडिंग/इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक वेबसाइट deepgtp-india.vip से जोड़ दिया। बड़े-बड़े लाभ का लालच देकर मुझसे करोड़ों रुपए निवेश करवाए। मैंने उसे यूपीआई, एटीएम और कैश के साथ ही NEFT और RTGS के जरिए करीब 2.50 करोड़ रुपए उसे पैसे ट्रांसफर किए। ये पूरा ट्रांजेक्शन 14 जून से 9 दिसंबर 2025 के बीच किया। निवेश का लाभ मांगा तो लड़की धमकी देने लगी
मैंने जब लड़की से निवेश के पैसे का मुनाफा मांगा तो वह भड़क गई। उसने कहा- अगर पैसे मांगे तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को बदनाम कर दूंगी। उसने मेरे पास कई अन्य लोगों से भी कॉल करवाई। फोन करने वालों ने कहा- अगर मैडम से पैसे मांगे तो मैं तुम्हारे परिवार को मार दिया जाएगा। लड़की और उसके साथियों ने फेसबुक से मेरे परिवार की फोटो निकाल लीं। इसके अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए। मुझे और मेरे रिश्तेदारों को वो फोटो भी भेजे। लड़की ने मुझे धमकी दी कि अगर तुमने कहीं शिकायत की तो ये फोटो, वीडियो वायरल कर दूंगी। इसके बाद उसने मुझे ब्लॉक कर दिया। कारोबारी बोले- AI से अश्लील वीडियो बनाए
मैंने पुलिस कमिश्नर से अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत की। मैंने पुलिस को स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग और चैट समेत अन्य सबूत सौंपे। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर चकेरी पुलिस ने गुरुवार को लड़की और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। ठगी का खुलासा करने के लिए साइबर सेल और क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा। …………………………. ये खबर भी पढ़िए- हापुड़ में हाईवे पर दिनदहाड़े 85 लाख की लूट:मुनीम की बाइक टक्कर मारकर गिराई, कनपटी पर तमंचा सटाया हापुड़ में हाईवे पर बदमाशों ने बाइक सवार चीनी व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपए की लूट की। मुनीम लेन-देन के पैसे लेकर बाइक से लौट रहा था। तभी पिलखुवा हाईवे पर बदमाशों ने बाइक से उसका पीछा किया। टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद पहले उसे जमकर पीटा। फिर कनपटी पर तमंचा सटाकर उसे धमकाया और पैसे से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…