ललितपुर में जन शिकायतों का समय पर निस्तारण न करने और अवैध शराब विक्रेताओं से पैसे मांगने के गंभीर आरोप में सौजना थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने रविवार देर शाम की। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना सौजना के थानाध्यक्ष अजय पाल सिंह, कांस्टेबल बृजविहारी और हेड कांस्टेबल नीरज शामिल हैं। तीनों पर जन शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में लापरवाही, कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता और अवैध देशी शराब बेचने वालों से रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई थाना सौजना क्षेत्र में सामने आई एक घटना के बाद की गई। बताया गया है कि बीते दिनों कस्बे में एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे अवैध रूप से धन की मांग की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में आलाधिकारियों तक पहुंचा। वीडियो और शिकायतों के आधार पर कराई गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।